न्यूज अपडेट्स: अरुणाचल में सियांग प्रोजेक्ट के लिए एक लाख पेड़ कटेंगे; CM नायडू बोले- 500 के नोट बंद करे सरकार

अरुणाचल में 11,200 मेगावाट की सियांग अपर बहुद्देश्यीय परियोजना (एसयूएमपी) के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच इसकी सहायक नदी सियोम पर प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना को केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की वन सलाहकार समिति (एफएसी) से अहम मंजूरी मिल गई है। एसयूएमपी क्षेत्र के मूल निवासी समुदायों का दावा है कि इस परियोजना के बनने से उनकी पुश्तैनी जमीन, नदी प्रणालियों, आजीविका, सांस्कृतिक विरासत व क्षेत्रीय अधिकारों पर बुरा असर पड़ेगा। नयिंग जलविद्युत परियोजना (1,000 मेगावाट) का संचालन नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड करेगा। इसे अरुणाचल प्रदेश के शी योमी और सियांग जिलों में बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 470 हेक्टेयर अवर्गीकृत वन भूमि का उपयोग किया जाएगा और एक लाख से अधिक पेड़ काटे जाएंगे। अवर्गीकृत वन वह क्षेत्र है जिसे वन के रूप में दर्ज तो किया गया है, लेकिन यह आरक्षित या संरक्षित वन की श्रेणी में नहीं आता है। ऐसे वनों के स्वामित्व की स्थिति अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती है।