एनवीडिया के सीईओ की हुई जासूसी?: जेन्सेन हुआंग से कथित रिश्ते पर अमेरिका में हलचल, आरोपों पर चीन ने भी दी सफाई

चीन ने सोमवार को एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग को चीनी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाए जाने के आरोपों को खारिज कर दिया। चीन ने इन खबरों को बेबुनियाद अटकलें और देश को बदनाम करने की कोशिश बताया। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन आरोपों का कोई आधार नहीं है। रिपोर्ट में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से दावा किया गया था कि जेन्सेन हुआंग के करीबी संपर्क में रही चीनी महिला कारोबारी एलिस हुआंग कथित तौर पर बीजिंग के लिए खुफिया जानकारी जुटा रही थीं। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर गुओ के बयान का वीडियो साझा करते हुए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि तथाकथित चीनी जासूस से जुड़ी खबरें चीन के खिलाफ बदनाम करने का अभियान हैं।